गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी की होजियरी फैक्ट्री कोर्ट के आदेश पर सील

Sabal Singh Bhati
2 Min Read

कानपुर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। कानपुर प्रशासन ने एक होजियरी फैक्ट्री को सील कर दिया है, जिसे गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे ने गिरीश दयाल को बेच दिया था।

होजियरी फैक्ट्री शास्त्री नगर मट्टैया पुरवा में 185 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में है। इसे तहसीलदार बिल्हौर लक्ष्मी नारायण बाजपेयी ने सील कर दिया।

यह संपत्ति शास्त्री नगर निवासी गिरीश दयाल ने वर्ष 2012 में गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे से खरीदी थी।

जांच के बाद प्रशासन ने पाया कि विकास दुबे ने ऋचा दुबे के नाम संपत्ति खरीदी थी। इस मामले में गिरीश दयाल ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोर्ट ने कानपुर के जिलाधिकारी को संपत्ति सील करने का आदेश दिया।

तहसीलदार लक्ष्मी नारायण बाजपेयी ने कहा कि बिकरू नरसंहार मामले के मुख्य आरोपी विकास दुबे और उनके सहयोगियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई की गई है।

संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 96.37 लाख रुपये है।

इस बीच फैक्ट्री मालिक गिरीश दयाल ने कहा कि, उन्होंने चेन डीड देखकर संपत्ति खरीदी है। ऐसे में कारखाना अचानक बंद होने से सभी कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे और मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञात हो कि 3 जुलाई 2020 को जिले के बिकरू गांव में विकास दुबे के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर उसके साथियों ने हमला कर दिया था।

दुबे और उसके साथियों ने बिल्हौर के तत्कालीन अंचल अधिकारी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।

बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में विकास दुबे और उनके पांच कथित सहयोगियों सहित छह आरोपियों को मार गिराया था।

आईएएनएस

पीटी/एसजीके

Share This Article
Sabal Singh Bhati is CEO and chief editor of Niharika Times