केजरीवाल महाठग हैं, उनके मंत्री जेल में मालिश करवाते हैं : दुष्यंत गौतम

Sabal Singh Bhati
2 Min Read

नई दिल्ली, 4 दिसंबर ()। दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। पोलिंग सेंटर पर सुबह से ही मतदान करने वालों की भीड़ दिखनी शुरू हो गई है। बड़े बड़े दिग्गज नेता भी मतदान करने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मयूर विहार फेज 3 में अपना मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।

दुष्यंत गौतम ने अरविंद केजरीवाल को महाठग बताते हुए कहा कि वो नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि जो नेता जेल में जाते हैं और ऐश करते हैं, उनकी चाबी केजरीवाल ने रख ली है। अब वही चाबी वो अपने मंत्रियों को दे रहे हैं। सत्येंद्र जैन जेल में मालिश करवा रहे हैं। गौतम ने कहा कि केजरीवाल कूड़ा दिखाते हैं, लेकिन वो अपने खुद के काम बताएं, उन्होंने क्या किया है। दिल्ली में जो भी स्कूल बने हैं, वो मदनलाल खुराना के समय बने हैं। इन्होंने सिर्फ कमरे बनवाये हैं, वो भी दलाली खाने के लिए। उन्होंने कहा कि भाजपा 150 सीट जीतकर फिर एमसीडी में सरकार बनाएगी।

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 709 महिला प्रत्याशी हैं। भाजपा और आप ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 247 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे रहे हैं। चुनाव आयोग ने दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रो पर लगभग 40 हजार जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। वहीं चुनाव के नतीजे 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

एसपीटी/एसकेपी

Share This Article