प्रतिभा देवीसिंह पाटिल – जीवन परिचय

Kheem Singh Bhati
2 Min Read

प्रतिभा देवीसिंह पाटिल सुपुत्री श्री नारायण राव पाटिल का जन्म 19 दिसम्बर, 1934 को नाडगांव महाराष्ट्र में हुआ था। उनका विवाह 07 जुलाई, 1965 को श्री देवीसिंह शेखावत के साथ हुआ। श्री देवीसिंह शेखावत के पूर्वज सीकर राजस्थान के रहने वाले थे और बाद में जलगांव महाराष्ट्र के निवासी बन गये।

प्रतिभा देवीसिंह पाटिल को स्वतंत्र भारत की प्रथम और अब तक की अकेली महिला को राष्ट्रपति पद पर आसीन होने का गौरव प्राप्त हुआ है।

प्रतिभा देवीसिंह पाटिल का राजनीतिक सफर 1962 से प्रारम्भ हुआ जब वे एदलाबाद क्षेत्र से राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव में विजयी रहीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के भूतपूर्व मुख्यमंत्री श्री यशवन्त राव चव्हाण को वे अपना मेण्टर मानती हैं।

1962-1985 तक वे पाँच बार विधानसभा की सदस्य रहीं और अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रह कर अपनी सेवायें प्रदान कीं। 1985 में वे राज्यसभा पहुंची और 1986 में राज्यसभा की उप सभापति और नवम्बर, 1986 से नवम्बर, 1988 तक वे राज्य सभा की सभापति भी रहीं।

उसके उपरान्त कुछ समय के लिए वे महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख बनीं । 1991 में दसवीं लोक सभा में चुने जाने के बाद उन्होंने अध्यक्ष सदन समिति लोकसभा का कार्यभार सम्भाला। प्रतिभा देवीसिंह पाटिल 08 नवम्बर, 2004 से 23जून, 2007 तक राजस्थान की राज्यपाल रहीं।

25 जुलाई, 2007 से 24 जुलाई, 2012 तक वे भारत की राष्ट्रपति रहीं। महिला कल्याण, दृष्टिहीन लोगों, आदिवासियों और निर्धन बच्चों के लिए उनके योगदान को सदैव याद रखा जायेगा।

ग्रामीण अर्थ व्यवस्था के विकास में भी उनकी विशेष दिलचस्पी रही है। शालीनता के साथ भारतीय संस्कृति के अनुरूप साधारण पहनावे और बड़ी बिन्दी से प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने अपनी विशिष्ट पहचान बना रखी है।

देश विदेश की तमाम बड़ी खबरों के लिए निहारिका टाइम्स को फॉलो करें। हमें फेसबुक पर लाइक करें और ट्विटर पर फॉलो करें। ताजा खबरों के लिए हमेशा निहारिका टाइम्स पर जाएं।

Share This Article
kheem singh Bhati is a author of niharika times web portal, join me on facebook - https://www.facebook.com/ksbmr