अमृतसर। अमेरिका ने अपनी नई इमिग्रेशन नीति के तहत बुधवार को 104 अवैध प्रवासी भारतीयों को जबरन डिपोर्ट कर दिया। अमेरिकी एयरफोर्स का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान इन प्रवासियों को लेकर अमृतसर के एयरफोर्स बेस पर उतरा। डिपोर्ट किए गए लोगों में पंजाब के 30 और हरियाणा व गुजरात के 33-33 लोग शामिल हैं।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच और पुलिस को सौंपे गए लोग
अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षा अधिकारियों ने इन सभी लोगों का वेरिफिकेशन किया। इमिग्रेशन और कस्टम क्लियरेंस के बाद इन्हें पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया।
अमेरिका 205 भारतीयों को करेगा डिपोर्ट
अमेरिकी सरकार ने कुल 205 भारतीयों को डिपोर्ट करने की योजना बनाई है, जिनमें से 186 लोगों की सूची भी जारी हो चुकी है। हालांकि, बाकी बचे लोगों के डिपोर्टेशन की सही तारीख और उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है।
19,000 अवैध भारतीयों को देश छोड़ना होगा
अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट के अनुसार, अमेरिका में 19,000 अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किया जाएगा। यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर अमेरिका जाने वाले हैं। इस दौरान 13 फरवरी को उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से प्रस्तावित है।
पहली बार सैन्य विमान से डिपोर्ट किए गए अप्रवासी
यूएस मिलिट्री का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान भारतीय समयानुसार 4 फरवरी की सुबह 3 बजे सैन एंटोनियो, अमेरिका से रवाना हुआ था। यह पहली बार है जब अमेरिका ने अवैध अप्रवासियों को डिपोर्ट करने के लिए सैन्य विमान का इस्तेमाल किया है।
ग्लोबमास्टर की फ्लाइट पर 6 करोड़ का खर्च
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने कार्यकाल के दौरान अवैध अप्रवासियों को डिपोर्ट करने का कड़ा रुख अपनाया है। ग्लोबमास्टर को भारत भेजने पर करीब 6 करोड़ रुपये का खर्च आया, जो चार्टर्ड फ्लाइट से लगभग छह गुना ज्यादा है।
परिवार और बच्चे भी शामिल, ऐसे भेजा जाएगा घर
डिपोर्ट किए गए 104 लोगों में कुछ परिवार और 8-10 साल के बच्चे भी शामिल हैं। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लोगों को सड़क मार्ग से उनके घर भेजा जाएगा, जबकि गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के लोगों को फ्लाइट से घर भेजे जाने की संभावना है।
देश विदेश की तमाम बड़ी खबरों के लिए निहारिका टाइम्स को फॉलो करें। हमें फेसबुक पर लाइक करें और ट्विटर पर फॉलो करें। ताजा खबरों के लिए हमेशा निहारिका टाइम्स पर जाएं।