जयपुर। प्रदेश सरकार ने राजस्व मंडल में अध्यक्ष और सदस्यों के कार्यों को सुचारु बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब उन्हें 15 प्रतिशत अतिरिक्त वेतन दिए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए राजस्व विभाग सेवा नियमों में संशोधन करेगा। इस पर वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। अभी तक राजस्व मंडल में सदस्य पदों को भरना चुनौतीपूर्ण रहा है, क्योंकि अधिकारी इस पद पर आने में रुचि नहीं दिखाते थे। नई व्यवस्था के बाद अब न केवल उन्हें अतिरिक्त वेतन मिलेगा बल्कि कुछ विशेष सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इसके तहत सदस्य अपनी पुरानी पदस्थापना वाली जगह पर ही सरकारी क्वार्टर रख सकेंगे, जिससे उनके परिवार को बार-बार शिफ्टिंग की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। इसके अलावा सर्किट हाउस में ठहरने की सुविधा भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां उन्हें 10 दिन तक ही रियायती दर पर ठहरने की अनुमति थी, वहीं अब यह सुविधा 30 दिन तक उपलब्ध रहेगी। सरकार का मानना है कि इन कदमों से न केवल योग्य अधिकारियों को राजस्व मंडल का हिस्सा बनने के लिए प्रेरणा मिलेगी बल्कि कामकाज की गुणवत्ता और गति में भी सुधार आएगा।
इससे लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण में मदद मिलेगी।