पंजाब में बाढ़ में फंसे सीआरपीएफ जवानों और नागरिकों का सफल बचाव

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। भारतीय सेना ने पंजाब के माधोपुर हेडवक्र्स के पास मंगलवार से फंसे केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 22 जवानों और तीन नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया है। चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच बुधवार सुबह 6 बजे यह बचाव अभियान शुरू किया गया। भारी बारिश के कारण पठानकोट के माधोपुर में रावी नदी पर बने बांध माधोपुर हेडवर्क्स में रंजीत सागर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद रावी, उझ और जलालियन नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आ गयी है।

सेना ने एक बयान में कहा कि आज सुबह छह बजे आर्मी एविएशन के हेलीकॉप्टरों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव कार्य शुरू किया। सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बयान में कहा गया है। इस अभियान के तहत जिस इमारत में सीआरपीएफ जवान और नागरिक शरण लिए हुए थे, वह उनके निकाले जाने के कुछ ही समय बाद ढह गयी, जो बचाव की समयबद्धता और सटीकता को दर्शाता है।

इस सफल ऑपरेशन ने एक बार फिर भारतीय सेना की जीवन की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और संकट की स्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता को दर्शाया है। भारतीय सेना और स्थानीय अधिकारियों के बीच तालमेल के कारण एक बड़ी त्रासदी होने से टल गयी।

Share This Article