नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर में दर्शन करने आए युवकों ने प्रसाद को लेकर विवाद के चलते मंदिर के सेवादार की लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। दक्षिण पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात कुछ युवक मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद उन्होंने सेवादार योगेंद्र सिंह (35) से चुन्नी का प्रसाद मांगा, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। इस दौरान युवकों ने सेवादार की बुरी तरह पिटाई कर दी।
घायल अवस्था में योगेंद्र को एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पूजा के बाद पीड़ित से चुनरी प्रसाद मांगा था। इसके बाद बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सेवादार पर लाठियों और घूँसों से हमला कर दिया। घटना के बाद वहाँ मौजूद लोगों ने मारपीट करने वालों में से एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जिसकी पहचान अतुल पांडे (30) के रूप में हुई है। वह दक्षिणपुरी का निवासी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
योगेंद्र सिंह पिछले 14-15 वर्षों से कालकाजी मंदिर में सेवादार था।


