जयपुर। राजस्थान की चर्चित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक प्रकरण में एसओजी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परीक्षा से पूर्व लीक हुआ सॉल्वड पेपर पढ़कर लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की थी। एडीजी एसओजी एटीएस वीके सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि रिंकू यादव (33) निवासी भूरा का जटमल डीग हाल कामां डीग ने पेपर लीक प्रकरण में सक्रिय भूमिका निभाई।
उसने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी कार्तिकेय शर्मा निवासी गया कुंड मौहल कामां डीग के साथ मिलकर पेपर लीक गिरोह के सदस्य विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेवाड़ निवासी पापड़िया की ढाणी, डूंगरी कला से सम्पर्क किया था। आरोपी रिंकू यादव और कार्तिकेय शर्मा ने मिलकर एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा का लीक सॉल्वड पेपर आठ लाख रुपए में खरीदा। इसके बाद 14 सितंबर 2021 को आयोजित परीक्षा की दोनों पारियों का लीक सॉल्वड पेपर विनोद जाट ने व्हाट्सऐप से कार्तिकेय को उपलब्ध कराया गया।
रिंकू ने परीक्षा से पूर्व इस पेपर को पढ़कर परीक्षा दी, जिसमें उसने हिन्दी में 126.01 अंक तथा सामान्य ज्ञान में 160.65 अंक, इस प्रकार कुल 286.66 अंक प्राप्त किए। हालांकि अंतिम चयन सूची में उसका नाम शामिल नहीं हुआ। अब तक इस मामले में 55 प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित कुल 126 आरोपियों पकड़ा जा चुका है।


