बीकानेर में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी

Tina Chouhan

श्रीगंगानगर। राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो कुख्यात सदस्यों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि इन अपराधियों से पांच देशी पिस्तौल, एक मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। ये बदमाश बीकानेर शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा और पुलिस अधीक्षक कविंद्रसिंह सागर की सतर्क निगरानी और निर्देशों के तहत यह सफलता प्राप्त हुई। इस गिरोह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। खुफिया जानकारी के आधार पर एक विशेष दल गठित किया गया, जिसने शनिवार रात को इनको दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि बदमाशों में श्रवणसिंह सोडा, निवासी बज्जू, कुख्यात हथियार तस्कर है और ‘सोडा’ नाम से अपने गिरोह का संचालन करता है। दूसरा राजेश तरड़, निवासी खाजूवाला, कुख्यात बदमाश है।

दोनों के खिलाफ राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के थानों में करीब 25-25 मामले दर्ज हैं। ये गजनेर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट की गंभीर वारदात में भी शामिल थे। जांच में पता चला है कि ये लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य हैरी बॉक्सर के लगातार संपर्क में थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे थे। श्रवणसिंह सोडा गुजरात के गांधीनगर थाने में अपहरण और फिरौती के मामले में भी वांछित था। कुछ दिन पहले खाजूवाला में इसके गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

हैरी बॉक्सर के खिलाफ संगठित अपराध और शस्त्र अधिनियम की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Share This Article