दुबई। गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 47) और तिलक वर्मा (31) के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी के सहारे भारत ने एशिया कप के छठे मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से पराजित किया। पाकिस्तान ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में 3 विकेट पर 131 रन बनाकर जीत हासिल की। अभिषेक और शुभमन गिल ने भारत को तेज शुरुआत दी।
सैम अयुब ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर स्टंप कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। गिल ने 7 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 10 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक को अयुब ने चौथे ओवर में फहीम के हाथों कैच करा भारत को दूसरा झटका दिया। अभिषेक ने केवल 13 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने धैर्यपूर्वक खेलते हुए भारत के स्कोर को आगे बढ़ाया। इस जोड़ी को सैम अयुब ने तोड़ा जब उसने तिलक को बोल्ड कर दिया।
तिलक ने 31 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। तिलक और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 56 रन जोड़े। इसके बाद सूर्यकुमार ने 16वें ओवर में मुकीम की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से तीनों विकेट सैम अयुब ने लिए। कुलदीप को उसकी शानदार गेंदबाजी के कारण प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है और टीम के सुपर-4 में पहुंचने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।
वहीं पाकिस्तान को अगले राउंड में प्रवेश के लिए अपना आखिरी मैच जीतना होगा। मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले टॉस के बाद भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था।