नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के हजारीबाग में नक्सल विरोधी सफल अभियान को बड़ी कामयाबी बताते हुए सोमवार को कहा कि इस अभियान के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है और जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाएगा। शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि “आज झारखंड के हजारीबाग में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की जॉइंट टीम को एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है।
इस अभियान में एक करोड़ रुपए का इनामी और कुख्यात नक्सली कमांडर सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को ढ़ेर कर दिया गया है। साथ ही, दो अन्य इनामी नक्सलियों- रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गांझू उर्फ रामखेलावन को भी सुरक्षा बलों ने मार गिराया। इस ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है।
जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त होगा।” उल्लेखनीय है कि हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) केन्द्रीय समिति के सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली मारे गये। सहदेव सोरेन लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। हाल ही में झारखंड पुलिस ने उसके ऊपर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा था, जिसके कारण पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में थीं।
झारखंड पुलिस के अधिकारियों ने इस अभियान को बड़ी सफलता करार दिया है। फिलहाल सुरक्षाबल इलाके में गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि शेष नक्सलियों को भी दबोचा जा सके।


