लखनऊ। ड्रग उत्पादक और निर्यातक देशों की सूची में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत को शामिल करने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विरोध जताया है। उन्होंने इसे देश के लिए बेहद शर्मनाक बताया। साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि वह विदेश नीति कहां गई, जिसका ढोल पीटा जा रहा था। अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जिस अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए भाजपा के लोग हवन पूजन कर रहे थे, उसी राष्ट्रपति ने भारत का अपमान किया।
भारत को ड्रग्स उत्पादक और निर्यातक देशों की सूची में पाकिस्तान के साथ डालना शर्मनाक है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग ड्रग्स और अवैध धंधों में शामिल हैं, जिससे देश की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। विदेश नीति शून्य है, केवल खोखले दावे किए जा रहे हैं। भाजपा ने भारत का सर विश्व में नीचा कर दिया है, यह एक शर्मनाक पल है। एक अन्य पोस्ट में, उन्होंने जॉर्जिया में भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार पर सवाल उठाया और इसे देश के लिए शर्मनाक बताया।
उन्होंने कहा कि विदेशों में भारतीयों के साथ ऐसा बर्ताव होना भारतीय प्रतिष्ठा पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है। पहले अमेरिका ने भारतीयों को हथकड़ी लगाकर वापस भेजा, अब जॉर्जिया में भारतीय पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है, जो विदेश नीति पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है। इसका मतलब है कि विदेश में डंका बजने वाले दावे खोखले और दिखावटी निकले।


