अखिलेश यादव ने दलित उत्पीड़न पर सरकार को घेरा

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

लखनऊ। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की क्राइम इन इंडिया 2023 रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति की प्रशंसा की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 2023 में यूपी में सांप्रदायिक और धार्मिक दंगों की संख्या ना के बराबर रही। इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में दलित उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार के कामकाज को केवल पक्षपात के चश्मे से नहीं, बल्कि पीड़ा भरी आँख से भी देखा जाना चाहिए।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि एक आँकड़ा ये भी है। भाजपा सरकार के काम को केवल पक्षपात के चश्मे से नहीं, पीड़ा भरी आँख से भी देखा जाएं। उप्र में दलित दमन चरम पर है। एक होर्डिंग इस सच का भी लगना चाहिए। एक विस्तृत रिपोर्ट इस पर भी समाचार के रूप में प्रसारित-प्रकाशित होनी चाहिए। एक एसआईटी इसकी विवेचना के लिए भी बननी चाहिए। एक अध्याय इसके लिए भी, पाठ्यक्रम में जोड़ा जाए। एक जाँच आयोग इसके लिए भी बैठाया जाए।

एक विशेष वाहिनी, दलित-दमन के उन्मूलन के लिए भी बनाई जाए। एक श्वेतपत्र इस काले अपराध पर भी आना चाहिए। एक रोड शो इस समस्या के बारे में भी जागरूकता फैलाने के लिए निकाला जाए। एक 5 हजार वर्षीय आयोजन, इस ऐतिहासिक उत्पीडऩ की पंच सहस्राब्दी के रूप में, चेतना जगाने के लिए भी आयोजित किया जाए।

Share This Article