जुबीन गर्ग के पीएसओ की गिरफ्तारी: एक करोड़ का संदिग्ध लेनदेन

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

सिलीगुडी। असम पुलिस की एसआईटी टीम ने दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के दो निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नांदेश्वर बोरा और परेश बैश्य के रूप में की गई है। इन दोनों पीएसओ के बैंक खातों में एक करोड़ रुपए से अधिक का लेनदेन पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। संगीतकार की मौत मामले में वांछित सिंगापुर स्थित एक एनआरआई भी जांचकर्ताओं के सामने पेश हुआ था। लगभग एक दशक पहले प्रतिबंधित उग्रवादी समूह उल्फा की धमकी मिलने के बाद असमिया गायक जुबीन गर्ग की सुरक्षा में दोनों पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।

पुलिस के मुताबिक जांच में दोनों पीएसओ के बैंक खातों में संदिग्ध लेने-देन का पता चला। इन दोनों की आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक राशि एक के खाते में 70 लाख और दूसरे में 45 लाख रुपए का पता चला। इस कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दिवंगत गायक, संगीतकार और अभिनेता की असामयिक मौत ने अरुणाचल प्रदेश समते पूरे पूर्वोत्तर को गहरे शोक में डाल दिया है।

जुबीन 19 सितंबर को सिंगापुर में समंदर में तैरने के लिए गए थे और इसी दौरान रहस्यमयी स्थितियों में उनकी मौत हो गई थी। वह श्यामकानु महंत और उनकी कंपनी द्वारा आयोजित पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के चौथे आयोजन में शामिल होने के लिए सिंगापुर गए थे।

Share This Article