चूरू। एजीटीएफ और कोतवाली पुलिस ने मिलकर शुक्रवार को अंतरराज्यीय टटलू गैंग के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3 करोड़ रुपए के नकली नोट बरामद किए। आरोपियों का इरादा त्योहारी सीजन में इन नोटों को बाजार में खपाने का था। कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि चूरू के वार्ड 47 के हरिराम ने शिकायत की थी कि आरोपियों ने उसे 50 हजार रुपए के बदले 10 लाख रुपए देने का झांसा दिया। हाईवे पर ले जाकर आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपए ले लिए और बदले में सफेद कागजों की डमी गड्डियां थमा दीं।
जब पीड़ित ने असली नोटों की जगह कागज मिलने पर विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर एसपी जय यादव ने एक विशेष टीम का गठन किया। सूचना के आधार पर एनएच-52 स्थित आदित्य होटल के पास से राजवीर वाल्मीकि, संजय सुनार, संजय वाल्मीकि, अशोक वाल्मीकि, रोबिनसिंह वाल्मीकि, अनिल वाल्मीकि और अनिल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से ठगी के 50 हजार रुपए, लगभग दो लाख नकद, तीन करोड़ के डमी नोट, पैकिंग सामग्री और दो लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं।
गिरोह के सभी सदस्य हरियाणा के फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल और जिंद जिले के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि यह गैंग विभिन्न राज्यों में लोगों को फर्जी नोटों के बदले अधिक राशि देने का लालच देकर लाखों रुपए हड़प चुका है।


