अखिलेश यादव का दीपावली पर प्रजापति समाज के लिए संकल्प

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दीपावली के अवसर पर एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 2027 की दिवाली पर पीडीए सरकार उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज के करोड़ों रूपए के दीये खरीदेगी, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो सके और उनके घरों में कई महीनों तक दिवाली का प्रकाश बना रहे। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह दूर के तटीय राज्यों के लोगों को कार्य देकर उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज का हक़ छीन रही है।

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दीया, बाती, तेल और रोशनी सभी उत्तर प्रदेश के हों। भाजपा को दीपोत्सव में प्रदेश के लोगों की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सच्ची दिवाली तभी होगी जब उसका उजाला हर घर तक पहुँचे और प्रदेश का हर मेहनतकश परिवार उस प्रकाश में अपनी खुशियाँ देख सके। त्यौहारों के बारे में उन्होंने कहा कि त्योहार परस्परता के प्रतीक होते हैं। यदि सौहार्द बना रहे तो त्योहार भी जीवित रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए नकारात्मक सोच का प्रदर्शन करते हैं। ऐसे लोग दिखावे के लिए त्योहार मना सकते हैं लेकिन अच्छे और सच्चे मन के अभाव में कभी भी अंदर से खुश नहीं हो सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि त्योहारों के खुशनुमा माहौल में सकारात्मक प्रार्थना करते हैं कि ऐसे लोग अपनी नकारात्मकता से बचें और सोचें कि क्या उनके विचारों में पहले कभी खटास थी। नकारात्मक व्यक्ति धीरे-धीरे हिंसक हो जाता है, जिसका बुरा असर उसके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है।

इसलिए सभी से आग्रह है कि अच्छा सोचें और सकारात्मक रहें, खुद भी खुश रहें और दूसरों को भी खुश रहने दें।

Share This Article