बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। प्रमुख नेता रैलियों के माध्यम से जनता को आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी ने समस्तीपुर में रैली की और कांग्रेस तथा आरजेडी पर हमला बोला, जबकि तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जवाब दिया। शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खगड़िया पहुंचे और वहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। अमित शाह ने सबसे पहले जनता को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि आज से छठ का महापर्व शुरू हो गया है और मैं बिहार के सभी लोगों को इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि बिहार जंगलराज से मुक्त रहे और कानून व्यवस्था मजबूत हो। अमित शाह ने कहा कि केंद्र में हमारी सरकार 11 साल से है, लेकिन मोदी और नीतीश सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। उन्होंने आरजेडी प्रमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कई घोटालों का जिक्र किया।
अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन और लठबंधन जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं? केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार, जिन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है, बिहार का विकास कर सकते हैं। इसके अलावा, अमित शाह ने यूपीए सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर लाया है और हम 2027 से पहले तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान ने हमलों की संख्या कम कर दी है।


