राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 अक्टूबर को गाजियाबाद का दौरा करेंगी

Tina Chouhan

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 अक्टूबर को गाजियाबाद दौरे पर आ रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन करेंगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरप्रदेश राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शनिवार 25 अक्टूबर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने गाजियाबाद में सभी तैयारियां कर ली हैं। सुरक्षा और निगरानी को लेकर पुलिस ने विशेष तैयारी की है, जिसमें एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मेरठ मंडल के कमिश्नर भास्कर यशोद ने अस्पताल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर जे रवविंदर और एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

रविवार को भोपुरा, तुलसी निकेतन से हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर तक सभी भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। ये वाहन करन गेट और बीकानेर गोल चक्कर से मोहन नगर होकर आगे बढ़ेंगे। वहीं सीआईएसएफ टी-पॉइंट से वसुंधरा और वसुंधरा से सीआईएसएफ टी-पॉइंट की ओर भी भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

Share This Article