महिलाओं की सामूहिक शक्ति का राजनीतिक उपयोग जरूरी: प्रियंका

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

वायनाड। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को कहा कि महिलाएं देश की आधी आबादी हैं और जब वे अपनी ताकत को सामूहिक रूप से राजनीतिक ताकत के रूप में इस्तेमाल करेंगी, तो वे देश की दिशा तय कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर महिलाओं के प्रयासों को पहचान नहीं मिलती, चाहे उनका पारिवारिक या सामाजिक दर्जा कुछ भी हो। लेकिन जब भी परिवार या समाज किसी संकट से गुजरता है, तो महिलाएं ही सबसे पहले मजबूती से खड़ी होती हैं।

प्रियंका गांधी वायनाड के पाडिनजराथारा पंचायत की ओर से आयोजित कुदुंबश्री सीडीएस वार्षिक समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, जब आप सामूहिक रूप में अपनी ताकत को समझेंगी, तो आप इस देश को आकार दे सकती हैं। आप हमारे देश की 50 फीसदी आबादी हैं और आपको इस ताकत का इस्तेमाल राजनीतिक शक्ति के रूप में भी करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा, मुझे उम्मीद है कि आप में से ज्यादा से ज्यादा महिलाएं राजनीति में आएंगी, नेतृत्व करेंगी और यह दिखाएंगी कि जब महिलाएं मजबूती से खड़ी होती हैं और अपनी अंदरूनी शक्ति को पहचानती हैं, तो वे कितना कुछ कर सकती हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि कुदुंबश्री कार्यक्रम गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू किया गया है, उससे जुड़ी महिलाओं ने न केवल अपने परिवारों का भरण-पोषण किया है बल्कि एक-दूसरे की मदद भी की है।

Share This Article