नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत की जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार विविध स्रोतों से किफायती तेल खरीद सुनिश्चित कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में रूसी तेल कंपनियों पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध पर कहा कि इनके प्रभावों का गहराई से अध्ययन किया जा रहा है। हमारा निर्णय वैश्विक बाजार की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही होता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऊर्जा स्रोतों के व्यापक प्रश्न पर भारत की स्थिति पहले से स्पष्ट है कि भारत की प्राथमिकता देश की जनता को नागरिकों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सस्ती और विविध स्रोतों से ऊर्जा प्राप्त की जाए। वहीं अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता पर प्रवक्ता ने कहा कि व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।


