बिहार में विधानसभा चुनाव का प्रचार तेजी से चल रहा है। सभी उम्मीदवार अपनी ताकत झोंक रहे हैं। NDA और महागठबंधन के नेता लगातार रैलियां कर रहे हैं। 2 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरा में रैली की, जबकि बेगूसराय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। पहले चरण के मतदान के लिए अब केवल 3 दिन बचे हैं। राहुल गांधी ने अपनी सभा में कांग्रेस प्रत्याशी अमिताभ भूषण के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने कहा कि हम बिहार में ऐसे विश्वविद्यालय बनाएंगे जहां दुनिया भर के छात्र पढ़ने आएंगे। नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से जीवंत किया जाएगा। अब मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार चलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार कभी देश का शिक्षा केंद्र था, लेकिन भाजपा ने हमारी कोशिशों को रोक दिया। आज बिहार का युवा मेहनत से पढ़ाई करता है, लेकिन परीक्षा से पहले ही पता चलता है कि पेपर लीक हो गया।
भाजपा के करीबी लोगों को पहले से पेपर मिल जाता है और वही पास हो जाते हैं, जबकि आम युवा मजदूरी करने के लिए मजबूर हैं। राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी 20 साल की सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में कोई ठोस काम नहीं किया। मोदी केवल वोट के लिए ड्रामा करते हैं और अब जनता के वोट पर डाका डालने की कोशिश कर रहे हैं।


