जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अंता उपचुनाव परिणामों पर खुशी जताते हुए कहा है कि इस परिणाम से राजस्थान में बन रहे माहौल का पता लग चुका है। आगामी चुनावों में कांग्रेस और बेहतर प्रदर्शन करेगी। पीसीसी में मीडिया से बात करते हुए गहलोत ने कहा कि बिहार चुनाव परिणामों को देखें तो वहां हमने कई चीजें देखी जो हमारे अभियान में आड़े आ रही थीं। वहां महिलाओं को 10-10 हजार रुपए दे दिए गए, जो हमें प्रचार के दौरान समस्या उत्पन्न कर रहे थे।
अभियान चल रहा है और मतदान होने से ठीक पहले महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपए जा रहे हैं। राजस्थान में हमने मोबाइल फोन बांटे, लेकिन जिस दिन आचार संहिता लगी, हमने फोन बांटना बंद कर दिया था। हमने सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी उस समय बंद कर दी थी, जबकि बिहार में सब कुछ बांटा जा रहा था। इस दौरान चुनाव आयोग चुप्पी साधे नजर आया और किसी को भी ऐसा करने से नहीं रोका। राजस्थान में सब रोक दिया गया था। राहुल गांधी जो बात कह रहे हैं वो वोट चोरी यही तो है।
इस तरह बिहार में चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से बेईमानी हो रही थी। बिहार में सत्ताबल और धनबल का जो दुरुपयोग हुआ, आप सोच नहीं सकते। महाराष्ट्र और हरियाणा चुनावों में भी ऐसे ही धनबल और सत्ताबल का दुरुपयोग हुआ। कांग्रेस के पास इस तरह धनबल दिखाने के लिए पैसा नहीं है। ऐसा होना लोकतंत्र के लिए खतरा है। एनडीए ऐसा करके चुनाव जीत जाएगी लेकिन देश के हित में कांग्रेस की विचारधारा ही सही है। आज देश को कांग्रेस की जरूरत है। ये इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए धनबल को अभी चुनाव जीतने में खर्च कर रहे हैं।
पहले विपक्ष के दलों को दबाने के लिए इसे खर्च किया जा रहा था।


