पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। ये दोनों कलाकार अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। फुकरे फ्रेंचाइजी के माध्यम से इन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। अब ये दोनों कलाकार अपनी नई फिल्म राहु केतु के जरिए एक बार फिर फैंस को गुदगुदाने वाले हैं। पहले फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज किया गया था और अब इसका शानदार टीजर भी जारी कर दिया गया है। इस वीडियो को देखकर आप हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे।
राहु केतु का टीजर गुरुवार को जी स्टूडियो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया। 1 मिनट 56 सेकंड के इस टीजर में वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट की जोड़ी धमाल मचाते हुए नजर आ रही है। वीडियो से यह स्पष्ट हो रहा है कि यह दो लड़कों की कहानी है जिन्हें पूरा गांव पनौती मानता है और मनहूस समझता है। ये दोनों लड़के जहां भी जाते हैं, वहां सारा काम बिगाड़ देते हैं। इस कॉमेडी से भरपूर कहानी में एक्शन और सस्पेंस भी देखने को मिलेगा, जो टीजर को रोमांचक बनाता है।
स्टार कास्ट में पुलकित और वरुण के अलावा चंकी पांडे, पीयूष मिश्रा, अमित सियाल और एक्ट्रेस शालिनी पांडे मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन विपुल विज ने किया है, जो पहले फुकरे, सात उचक्के और आगे से राइट जैसी कॉमेडी फिल्में लिख चुके हैं। टीजर देखने के बाद फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं। फिल्म की रिलीज की बात करें तो लंबे समय से राहु केतु की चर्चा हो रही है और अब टीजर के साथ इसकी रिलीज डेट भी घोषित कर दी गई है।
यदि आप भी इस कॉमेडी ड्रामा को देखना चाहते हैं, तो यह 16 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


