AAP की रोजगार और सामाजिक न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में शुरू

उत्तरप्रदेश की राजनीति में प्रवेश करने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, पार्टी राज्य में अपनी जड़ों को मजबूत करना चाहती है। AAP ने “रोजगार और सामाजिक न्याय यात्रा” नामक एक पदयात्रा शुरू की है, जिसका नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह कर रहे हैं। यह यात्रा 12 नवंबर से शुरू होकर 13 दिनों तक चलेगी, जिसमें अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुँचेगी।

संजय सिंह ने बताया कि यह यात्रा प्रदेश में जनता को जागरूक करने का अभियान होगी, जिसमें युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा का उद्देश्य अयोध्या से प्रयागराज तक जनसंवाद करना है। हमने सरयू घाट से यह संकल्प लिया है कि पूरे उत्तर प्रदेश में लोगों को रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर जागरूक करेंगे। आज इसकी शुरुआत हुई है और हम इसे अयोध्या से प्रयागराज तक ले जाएंगे।

यह पदयात्रा उन बेरोजगारों, किसानों, मजदूरों और उन सभी की आवाज है, जिन्हें न्याय नहीं मिला। संजय सिंह ने कहा कि रोजगार और सामाजिक न्याय दोनों की आवश्यकता है। हम सरयू से संगम तक संकल्प लेकर चल रहे हैं। यह यात्रा सरकार से सवाल करेगी कि आखिर करोड़ों युवाओं को नौकरी कब मिलेगी। संजय सिंह ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी अपने चरम पर है, किसानों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और छोटे-मझोले उद्योग बंद हो रहे हैं। रोजगार के लिए युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

राज्य में स्ट्रीट वेंडरों और छोटे दुकानदारों पर बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं, जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी खतरे में है। छोटे, मझोले और कुटीर उद्योग दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में हम बेरोजगार युवाओं और किसानों की आवाज बनकर निकले हैं। पार्टी का दावा है कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा करेगी।

Share This Article
Exit mobile version