जयपुर। एटीएस ने 27 सालों से फरार 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आईजी विकास कुमार ने बताया कि राजस्थान में वर्ष 1998 से फरार धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एसपी बांसवाड़ा ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी वाहनों को खरीद-बेचने के नाम से पैसे लेकर झांसा देकर रुपए हड़पकर फरार हो जाता था। इस आरोपी को पकड़ने के लिए बांसवाड़ा समेत कई जिलों की पुलिस पीछा कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी अकबर (61) मांगरोल सूरत गुजरात का रहने वाला है।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 1998 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरोह के आरोपी पीर मोहम्मद, हमीद खां, विवेक कुमार, दाउद पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि आरोपी अकबर एवं यूसुफ फरार चल रहे थे। ऐसे पकड़ा गया आरोपी एटीएस टीम उदयपुर को आरोपी अकबर के गुजरात के सूरत इलाके में रहने की जानकारी मिली। अकबर के परिवार सहित अपने ससुराल में रहने की जानकारी सामने आई। उसे वाहन खरीदने के सम्बन्ध में बात कर रुपए देने का लालच दिया गया। एटीएस टीम उदयपुर के बनाए जाल में आरोपी अकबर फंस गया।


