लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा है कि उपचुनाव में भी वोटों की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि वोट बनाना, बचाना, डालवाना और गिनना सभी प्रक्रियाओं में जनता को सतर्क रहना होगा, तभी लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों के वोट काट रही है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में गलत तरीके से काटे गए वोटों के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके लिए चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा था।
समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट से हटाए गए 18 हजार वोटरों की सूची चुनाव आयोग को शपथ पत्र के साथ भेजी, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब वोट चोरी और काटने का मामला सामने आया, तो मुख्य चुनाव आयोग ने कहा कि कोई एफिडेविट नहीं मिला। समाजवादी पार्टी के पास हर एफिडेविट की रसीद मौजूद है। यादव ने कहा कि भाजपा की सच्चाई अब जनता के सामने आ चुकी है और जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब जनता भाजपा को हटाएगी।


