आज अमित शाह मुंबई में भाजपा कार्यालय की नींव रखेंगे

By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख नेता अमित शाह आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पार्टी के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र भाजपा के नए कार्यालय की आधारशिला रखी जाएगी। यह जानकारी भाजपा ने एक्स हैंडल पर साझा की है। भाजपा के एक्स हैंडल पोस्ट के अनुसार, अमित शाह दोपहर सवा एक बजे ऐतिहासिक चर्च गेट के पास ब्लॉक नंबर नौ पहुंचेंगे। वे यहां के वसानी चैंबर्स में महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय के लिए भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का आरंभ कराएंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल 24 अगस्त को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पणजी (गोवा) में भारतीय जनता पार्टी के शिलान्यास कार्यक्रम पर जारी वीडियो संदेश में कहा था कि संगठन ने पूरे देश में 768 पार्टी कार्यालय खोलने का लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि इनमें से 563 कार्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 96 कार्यालयों पर काम जारी है। इनका भी निर्माण जल्द पूरा हो जाएगा। पार्टी का लक्ष्य हर जिले में कार्यालय और प्रदेश की राजधानी में मुख्यालय खोलने का है।

Share This Article
Exit mobile version