बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तीसरी सूची जारी की

By Sabal SIngh Bhati - Editor

पटना। महागठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 6 उम्मीदवारों की सूची जारी की। सूची के अनुसार वाल्मीकीनगर से सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, अररिया से अबिदुर रहमान, अमौर से जाली मस्तान, बरारी से तौकीर आलम, कहलगांव से प्रवीण कुमार कुशवाहा और सिकंदरा सुरक्षित से विनोद चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। अररिया के विधायक अबिदुर रहमान को पार्टी ने फिर से चुनावी अखाड़े में उतारा है।

महागठबंधन में शामिल घटक दलों के बीच अभी तक सीटों के बंटवारे की औपचारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। इस घटक में शामिल सभी दलों ने अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न दे दिया था। हालांकि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने ही 16 अक्टूबर को सबसे पहले अपने 48 उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक तौर पर जारी की थी। कांग्रेस ने इसके बाद 18 अक्टूबर को 5 उम्मीदवारों को अपनी दूसरी सूची जारी की। इसके साथ ही कांग्रेस ने अब तक अपने 59 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

Share This Article
Exit mobile version