बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार खत्म, मतदान 11 नवंबर को

By Sabal SIngh Bhati - Editor

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों के चुनावी प्रचार अभियान पर पांच बजे के बाद विराम लग गया। अब मतदान दो दिन बाद, यानी 11 नवंबर को होगा। रविवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए 45339 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 4109 बूथों को संवेदनशील और 4003 को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। यहां मतदान चार बजे तक होगा।

कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी के 36 बूथ, बोधगया के 200 बूथ, रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा, चकाई विधानसभा में बनाए गए बूथों पर मतदान चार बजे तक होगा। बोधगया में 106 बूथों पर मतदान पांच बजे तक होगा। इन बूथों पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती का निर्देश दिया गया है। दूसरे चरण के मतदान में 1302 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिला और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं।

इस चरण में तीन करोड़ 70 लाख मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें एक करोड़ 95 लाख पुरुष, एक करोड़ 74 लाख महिला, चार लाख चार हजार दिव्यांग, 63373 सर्विस वोटर, 943 थर्ड जेंडर और 43 एनआरआई शामिल हैं। 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या सात लाख 69 हजार 356 है।

Share This Article
Exit mobile version