बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में NDA प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। वहीं महागठबंधन की स्थिति खराब है। NDA 200+ सीटों के साथ आगे बढ़ रहा है जबकि महागठबंधन 30 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पा रहा है। बिहार में NDA को बधाई मिलनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि NDA को बंपर जीत दिलाकर बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है।
उन्होंने जय छठी मैया से अपने संबोधन की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है और आज बिहार के घर-घर में मखाने की खीर बनाना पक्का कर दिया है। बिहार के चुनाव ने यह सिद्ध किया है कि देश का मतदाता, खासकर युवा मतदाता, मतदाता सूची के शुद्धिकरण को गंभीरता से लेता है। बिहार के युवाओं ने भी इस प्रक्रिया का समर्थन किया है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वो धरती है जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है।
आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है कि झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है। पीएम मोदी ने MY फॉर्मूले का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला MY (मुस्लिम-युवा) फार्मूला बनाया, लेकिन आज की जीत ने एक नया सकारात्मक MY फार्मूला दिया है- यह है महिला और यूथ। बिहार के युवाओं और बहनों-बेटियों का विशेष अभिनंदन। पीएम मोदी ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कांग्रेस को सावधान रहने की जरूरत है। वहीं RJD को सांप सूंघा हुआ है।
बहुत जल्द दोनों का झगड़ा खुलकर सामने आने वाला है। पीएम ने कहा कि ये कांग्रेस मुस्लिम माओवादी कांग्रेस है और इसका पूरा एजेंडा इसी पर चलता है, इसलिए अब कांग्रेस का एक और विभाजन हो सकता है।


