भाजपा की बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती पर चर्चा की

Tina Chouhan

जयपुर। मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में अजमेर एवं बीकानेर संभाग के जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों तथा विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए संगठन की मजबूती, सरकार के दो वर्ष के कामकाज तथा आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, सांसद सी.पी. जोशी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने मात्र दो वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में कई गुना अधिक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को विस्तृत रूप से जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहां “हर कार्यकर्ता गुलदस्ते के फूल की तरह साथ मिलकर आगे बढ़ता है।” मंडल स्तर तक नियमित बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।

प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए पंचायत चुनावों से पहले वार्डों का असमान पुनर्गठन किया और जिलों का गठन भी जल्दबाजी में किया गया। राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में दो वर्षों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनमें कई ऐसे कार्य भी शामिल हैं जो वर्षों से लंबित थे और वर्तमान सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति से उन्हें आगे बढ़ाया।

बैठक का मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और सरकार के कार्यों को जनता तक प्रभावी तरीकें से पहुंचाना रहा।

Share This Article