छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के लोकार्पण की तैयारी पर चर्चा

छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार को एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भेंट की। यह मुलाकात अचानक हुई बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह एक औपचारिक मुलाकात थी, जिसमें 1 नवंबर को होने वाले नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह पर चर्चा की गई। इस दौरान, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और उन्हें औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है कि राज्य निर्माण की रजत जयंती वर्ष पर जनता को एक भव्य और अत्याधुनिक विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और जनभावनाओं को भी दर्शाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को इस भव्य विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नई विधानसभा छत्तीसगढ़ की राजनीतिक चेतना, संस्कृति और प्रगतिशील सोच का केंद्र बनेगी। छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन के शुभारंभ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 1 नवंबर को रायपुर दौरे के दौरान वे राज्योत्सव का भी शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी करीब छह घंटे राजधानी में रहेंगे और कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पीएम की यात्रा को लेकर सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ.

रमन सिंह ने शुक्रवार को नवीन विधानसभा भवन का निरीक्षण किया था। उनके साथ मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद थे। उन्होंने पीएम मोदी के आगमन से पहले सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रमन सिंह ने कहा था कि प्रधानमंत्री का दौरा पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और यह आयोजन पूर्ण गरिमा और उत्कृष्टता के साथ संपन्न होगा।

Share This Article
Vikram Singh Bhati is author of Niharika Times web portal
Exit mobile version