छत्तीसगढ़ का मौसम बारिश के थमने के बाद अचानक बदल गया है। तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीत लहर चलने की संभावना है। आज बुधवार को रायपुर में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर शीत लहर की चेतावनी दी गई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। 1 जून से 15 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में 1212.8 मिमी वर्षा हुई है, जबकि अब तक औसत वर्षा 1213.8 मिमी रिकॉर्ड की गई है।
बीजापुर जिले में सबसे अधिक 1659.7 मिमी वर्षा हुई है, जबकि बेमेतरा जिले में सबसे कम 554.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 1159.6 मिमी, बलौदाबाजार में 1004.8 मिमी, गरियाबंद में 1234.9 मिमी, महासमुंद में 1065.1 मिमी और धमतरी में 1149.6 मिमी औसत वर्षा हुई है।


