मुख्यमंत्री ने बालिकाओं और महिलाओं को ई-साइकिलें वितरित कीं

1 Min Read

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर एक विशेष कार्यक्रम में बालिकाओं एवं कामकाजी महिलाओं को बैट्री संचालित साइकिल (ई-साइकिल) का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश की बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके दैनिक आवागमन को आसान करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ई-साइकिल न केवल उनकी पढ़ाई और कामकाज में सहूलियत देगी, बल्कि समय और ऊर्जा की भी बचत करेगी।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं से भी बातचीत की और उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस कदम से उन्हें नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है। यह पहल प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और हरित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है。

Share This Article