दौसा। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15 वर्षों से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी शातिर दंपति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार दंपती ने 33 हजार से अधिक लोगों के 22 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। कोतवाल सुधीर उपाध्याय ने बताया कि यह दंपति लंबे समय से राजस्थान सहित अन्य राज्यों में लोगों को निवेश के नाम पर झांसा देकर ठगी कर रहा था। वर्ष 2010 में रिलायबल एज्युकेशन प्रा.लि. व रिलायबल रियल हाउस प्रा.लि. नाम से चिटफंड कम्पनी खोलकर लोगों के साथ करोड़ों की ठगी की थी।
फर्जी दस्तावेज बनाकर श्रीराम से मुकेश कुमार व पत्नी नीना से मीना देवी बनकर 15 वर्ष से दिल्ली व हरियाणा में फरारी काट रहे थे। अभियुक्तगण दौसा सहित अन्य जिलों व राज्यों में वांछित चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर 2010 को पीड़ितों ने मामला दर्ज कराया था।