6 अक्टूबर को सीपीआई एम द्वारा कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन

Tina Chouhan

जयपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की राज्य कमेटी के आह्वान पर 6 अक्टूबर को जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन से पहले सुबह 11:30 बजे खासा कोठी चौराहे से रैली निकाली जाएगी, जो कलेक्ट्रेट तक जाएगी। जिला सचिव डॉ. संजय माधव ने बताया कि यह आंदोलन दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों, कानून-व्यवस्था की विफलता और राज्य सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान राजस्थान विधानसभा द्वारा पारित धर्मांतरण विरोधी बिल की प्रतियां भी जलाई जाएंगी।

सीपीआई एम ने इस बिल को असंवैधानिक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इस कानून के बाद राज्यभर में आरएसएस और बजरंग दल जैसे संगठनों द्वारा अल्पसंख्यक समुदायों पर हमले बढ़े हैं। प्रदर्शन के दौरान पर्यावरणविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिना शर्त रिहाई की भी मांग की जाएगी। पार्टी ने लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से दमन और अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।

Share This Article