जयपुर। दीपोत्सव के आरंभ के साथ रविवार को गुलाबी नगरी जयपुर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी। जैसे ही शाम को लाइट का स्विच ऑन हुआ, शहर के बाजार सतरंगी चमक से भर गए। सामूहिक सजावट के कारण बाजारों में रौनक देखते ही बन रही थी। कहीं तिरंगे की रोशनी ने देशभक्ति का जज्बा जगाया, तो कहीं पिंक और ग्रीन थीम में सजे बाजारों ने आंखों को सुकून दिया। इस बार रोशनी के बीच आस्था और देशभक्ति की अनूठी झलक ने लोगों का मन मोह लिया। परिवार और दोस्तों के साथ लोग बाजारों की सजावट का आनंद लेने पहुंचे।
बाजारों में सजावट का जादू चांदपोल, किशनपोल, त्रिपोलिया, जौहरी, हवामहल, रामगंज, चौड़ा रास्ता, नेहरू और बापू बाजार, गणगौरी बाजार सहित कई बाजारों में सामूहिक सजावट की गई। वहीं बाहरी क्षेत्रों में राजापार्क, टोंक रोड, लालकोठी, अजमेर रोड, मानसरोवर और सांगानेर के बाजार भी रोशनी से नहा उठे। ‘आपरेशन सिंदूर’ का क्रूज बना आकर्षण चांदपोल बाजार की छोटी चौपड़ पर ‘आपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजाया गया जिसमें क्रूज मुख्य आकर्षण रहा। इसमें राफेल विमान की चलती-फिरती झलक ने लोगों को आकर्षित किया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि ‘भारत की आकाश शक्ति’ थीम पर बनाया गया स्वागत द्वार सेल्फी पॉइंट बना है जहां लोग फोटो खिंचवाने आए। सीनियर सिटीजन व्यापारियों ने किया उद्घाटन: किशनपोल बाजार में सामूहिक सजावट का शुभारंभ 5 सीनियर सिटीजन व्यापारियों ने लाइट का स्विच ऑन कर किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष खूंटेटा ने बताया कि यह पहल वरिष्ठ व्यापारियों के सम्मान का प्रतीक थी। वहीं नेहरू बाजार में विधायक अमीन कागजी ने लाइट ऑन कर सजावट की शुरुआत की।
राजापार्क में सांवरिया सेठ और बांके बिहारी की झलक राजापार्क में लाइट ऑन होते ही बाजार जगमग हो उठा। व्यापार मंडल अध्यक्ष रवि नैय्यर ने बताया कि सांसद मंजू शर्मा और विधायक कालीचरण सराफ ने लाइट का स्विच ऑन किया। बाजार के पहले चौराहे पर चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर, दूसरे पर अमरनाथजी की झांकी और तीसरे पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की सजावट ने आस्था का माहौल बनाया। छोटी चौपड़ पर सामूहिक लक्ष्मी पूजा रविवार को छोटी चौपड़ पर सामूहिक लक्ष्मी पूजा का आयोजन किया गया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंदाचार्य और गोपाल शर्मा, उपमहापौर पुनीत कर्ण्सावत, पूर्व सांसद मोहन लाल गुप्ता, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल तथा चंद्र मोहन बटवारा ने पूजा में हिस्सा लिया। इस आयोजन ने दीपोत्सव की आध्यात्मिक रौनक को और बढ़ा दिया। जयपुर में दीपोत्सव का यह आलोकित आगाज न केवल बाजारों की सजावट तक सीमित रहा, बल्कि आस्था, संस्कृति और देशभक्ति के रंगों ने शहरवासियों के दिलों को भी रोशन कर दिया।


