दीपावली पर देवस्थान विभाग के मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे

Tina Chouhan

जयपुर। देवस्थान विभाग की ओर से दीपावली के अवसर पर राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार, राजकीय आत्मनिर्भर श्रेणी एवं प्रन्यास प्रबंधित मंदिरों में दीपावली का पंच पर्व महोत्सव मनाया जाएगा। देवस्थान विभाग के अधीन 544 राजकीय मंदिरों में रंगोली निर्माण, प्रकाश, लाइटिंग व्यवस्था, दीपोत्सव, महाआरती और भक्ति संध्या, भोग एवं प्रसाद वितरण होगा। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का शुभारंभ परकोटे के चांदनी चौक स्थित श्री ब्रज निधि मंदिर में पूजा-अर्चना कर के किया। उन्होंने आस-पास के देवस्थान विभाग के मंदिरों की साज-सज्जा का अवलोकन किया।

मंदिरों में माकूल व्यवस्थाएं करने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। मंदिरों की विशेष सजावट व अन्य धार्मिक कार्यों के लिए सरकार ने आठ करोड़, 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत विभाग के 544 मंदिरों में 24 अक्टूबर तक विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। कुमावत ने बताया कि देवस्थान विभाग के मंदिरों में धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, गौवर्धन पूजा व भाई दूज के कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके तहत सभी मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्प मालाओं से सजावट की गई है।

Share This Article