जयपुर। स्वायत्त शासन विभाग ने दीपावली पर्व के मद्देनजर प्रदेशभर में संचालित सभी दमकल दलों का व्यापक सर्वे करवाने के निर्देश जारी किए हैं। सचिव रवि जैन ने इस संबंध में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के भीतर सभी नगरीय निकाय अपने-अपने क्षेत्र के दमकल दलों की स्थिति का संपूर्ण मूल्यांकन करें। उन्होंने कहा कि सर्वे के अंतर्गत दमकल वाहनों की तकनीकी स्थिति, मशीनों की कार्यक्षमता, मैनपावर की उपलब्धता, आपदा के दौरान प्रतिक्रिया समय, पानी की आपूर्ति व्यवस्था तथा सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए।
जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान: सचिव ने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर सर्विसेज की तत्परता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी कमी या तकनीकी समस्या पाई जाए, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। आज सभी निकायों में मॉक ड्रिल: विभाग ने सभी निकायों को दीपावली पर्व के चलते अग्नि सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को फायर मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही इस कार्य से जुड़े कर्मचारियों को तीन माह में एक बार आधुनिक संसाधनों के संबंध में प्रशिक्षण देने के लिए भी निर्देशित किया है।


