कर्ज और फसल खराबी से परेशान किसान ने आत्महत्या की

Tina Chouhan

इटावा। शहर के महावीर नगर निवासी 55 वर्षीय किसान ने फसल खराबे और कर्ज के चलते अवसाद में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कोटा एमबीएस में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर कोई कार्यवाही नहीं कराने के बाद इटावा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। एएसआई कमल प्रकाश मीना ने बताया कि किसान जगदीश पुत्र हजारीलाल 55 वर्ष निवासी इटावा के परिजनों ने रिपोर्ट दी थी कि मृतक ने गुरुवार शाम जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे इटावा अस्पताल लाया गया।

जहां से उसे कोटा रैफर कर दिया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक का इटावा नगर में गमहीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। खरीफ के साथ रबी की सरसों भी हो गई नष्ट मृतक के पुत्र रविन्द्र प्रजापति और रिश्तेदारों ने बताया कि मृतक मुनाफे काश्त से खेती करता था। करीब 20-25 बीघा भूमि कर रखी थी। लेकिन अतिवृष्टि से पहले सोयाबीन की फसल खराब हो गई। वहीं अक्टूबर में हुई बारिश में रबी की सरसों की फसल भी खराब हो गई। जिससे वह किसान अवसाद में था, साथ ही बढ़ते कर्ज से परेशान था।

Share This Article