जयपुर। शुक्रवार रात को राजधानी जयपुर में एक बड़ा हादसा हुआ। सुभाष चौक सर्किल के पास बाल भारती स्कूल के पीछे स्थित चार मंजिला जर्जर हवेली अचानक ढह गई। इस हादसे में सात लोग मलबे में फंस गए, जिनमें से चार को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक पिता और उसकी छह वर्षीय बेटी की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की स्थिति गंभीर है और उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार आधी रात के करीब 12 बजे हुई।
मलबे में दबे प्रभात (33) और उनकी बेटी पीहू (6) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभात की पत्नी सुनीता (25) घायल हुई हैं और उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह तीनों शुक्रवार रात से मलबे में दबे थे और शनिवार सुबह करीब सात बजे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह हवेली काफी पुरानी और जर्जर थी, जो चूने से बनी हुई थी। बताया गया है कि हवेली में लगभग 20 लोग किराए पर रहते थे, जो पश्चिम बंगाल से आए थे।
हादसे की सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। रातभर चला यह अभियान सुबह तक जारी रहा। मौके पर एसीपी माणक चौक पीयूष कविया, रामगंज थानाधिकारी सुभाष कुमार और सुभाष चौक थानाधिकारी लिखमाराम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।