जयपुर। वित्त विभाग ने अधीनस्थ विभागों में मंत्रालितक संवर्ग के स्वीकृत पदों के पुनर्निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। वित्त (नियम) विभाग की टीएफ पद्धति के तहत जारी आदेशों के संदर्भ में यह निर्णय लिया गया है कि सभी अधीनस्थ विभागों में स्वीकृत पदों की संख्या का पुनरीक्षण 1 अप्रैल 2025 की स्थिति के अनुसार किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार, वित्त (नियम) विभाग की दिनांक 14.10.2025 की कार्यवाही एवं वित्त (व्यय) विभाग के पत्र 16.10.2025 में वर्णित प्रावधानों के आधार पर विभागों को निर्देशित किया गया है कि मंत्रालितक संवर्ग के पदों की समीक्षा स्पष्ट रूप से स्वीकृत पदों की वास्तविक स्थिति के आधार पर की जाए। इसके लिए विभागीय स्तर पर समुचित परीक्षण के बाद संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। वित्त विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि टीएफ संख्या 332501661 दिनांक 10.11.2025 द्वारा सहमति प्रदान किए गए अनुमोदन के अनुसार ही अन्य प्रावधानों को यथावत रखा जाएगा।
सरकार का यह कदम विभागों में पद ढांचे को सुव्यवस्थित करने तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


