भारत को हरित परिवहन में अग्रणी बनाने की योजना: गडकरी

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि अगले पांच सालों में भारत को बायोफ्यूल एवं हरित परिवहन में दुनिया में अग्रणी बनाने का लक्ष्य है। साथ ही उन्होंने दिल्ली के धौलाकुआं से हरियाणा के मानेसर तक हवाई पॉड सिस्टम विकसित करने और मुंबई में जलमार्ग परिवहन के बारे में भी जानकारी दी। गडकरी ने दिल्ली में एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली के धौलाकुआं से हरियाणा के मानेसर तक हवाई पॉड सिस्टम विकसित किया जाएगा, जहां बुधवार को पांच वैश्विक कंपनियों के प्रेजेंटेशन होंगे।

ये पॉड 18-25 यात्रियों वाले होंगे, जो हवा में 200 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे, हालांकि रुकावटों के कारण गति कम रहेगी। देशभर में 300 केबल कार प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जो ट्रैफिक मुक्ति का नया आयाम साबित होंगे। उन्होंने मुंबई के लिए जलमार्गीय परिवहन पर कहा कि उनके प्रयासों से एयरपोर्ट पर जेटी का निर्माण हो चुका है और बीपीटी चेयरमैन के अध्ययन के बाद 5-6 हजार वॉटर टैक्सी चलाने का प्लान है। वेनिस शहर की तर्ज पर ये टैक्सी मुंबईवासियों को समुद्र मार्ग से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक 17 मिनट में पहुंचाएंगी।

महाराष्ट्र सरकार ने कंपनी का चयन कर लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा के बाद यह राज्य प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह हाल में ही यूरोपीय देश चेकोस्लोवाकिया गए थे, वहां से प्रेरित होकर देश में भी फ्लैश-चार्जिंग इलेक्ट्रिक बसों पर फोकस किया जा रहा है। देश में जल्दी ही 135 सीटों वाली फ्लैश-चार्जिंग इलेक्ट्रिक बसें जल्द उतारी जाएंगी, जो डीजल बसों से 30 प्रतिशत सस्ती होंगी। इन बसों में हवाई जहाज जैसी सुविधाएं जैसे आरामदायक सीटें, फ्रंट टीवी स्क्रीन और मोबाइल या कार्ड से एंट्री होगी।

Share This Article