जयपुर। सांगानेर थाना क्षेत्र में थाने की पुलिया के पास बुधवार शाम को लगभग साढ़े सात बजे हरिशंकर ढाबे की छत गिर गई। रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे दो लोग मलबे में दब गए। इनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घटना के बाद ढाबा संचालक मौके से भाग गया। हादसे के समय ढाबे में चार लोग काम कर रहे थे। वे छत गिरते देख पीछे की ओर भागने में सफल रहे। घटना की सूचना पर सांगानेर थाना पुलिस, सिविल डिफेंस की टीम और एडीआरएफ मौके पर पहुंची।
छत का मलबा और आरसीसी हटाकर दोनों दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। हाल ही में सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए जेडीए द्वारा की गई माकिंर्ग में इस ढाबे के कुछ हिस्से को हटाने के लिए चिन्ह लगाए गए थे। थाना प्रभारी लिखमा राम ने बताया कि घटनास्थल के परिसर में खण्डेलवाल दाल बाटी और हरिशंकर भोजनालय के आगे का हिस्सा गिरा है। इस के मालिक का नाम रामजीलाल पाटोदिया है। सम्पत्ति मालिक के परिवार का राजेन्द्र पाटोदिया खण्डेलवाल दाल बाटी भोजनालय एवं हरिशंकर भोजनालय के संचालक रमेश सैनी ने लीज पर लेकर ढाबा चलाया है।
घटना के समय शाम करीब साढ़े सात बजे चार कर्मचारी खाना बना रहे थे जबकि ढाबे में दो मजदूर भोजन कर रहे थे। तभी ढाबे के आगे का पीलर गिरता देखकर ढाबा संचालक भाग गया। खाना खा रहे दोनों मजदूरों को वहां से निकलने का मौका नहीं मिला और वे आरसीसी में दब गए। घटना के बाद आस-पास अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से एक आधार कार्ड और 500 रुपए बरामद हुए हैं। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है।
अब पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। भोजनालय की छत पर कबाड़ पड़ा था, जिसके कारण छत भरभरा कर गिर गई। हादसे के समय ढाबे के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, जबकि दो मजदूर और एक युवक भोजन कर रहे थे। अचानक आगे का पिलर गिरता देख कर्मचारी भाग निकले, लेकिन ग्राहक मलबे में दब गए।


