नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि यह यात्रा राजनीति में परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई है और इसका असर अब भी हो रहा है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत आज से 3 साल पहले कन्याकुमारी से हुयी थी। ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के साथ इस यात्रा की शुरूआत हुयी, जिसके बाद एक विशाल जनसभा आयोजित की गयी थी।
भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य देश 3 तीन ज्वलंत और चिंताजनक सार्वजनिक मुद्दों-आर्थिक असमानता, गहराता सामाजिक ध्रुवीकरण और बढ़ते राजनीतिक अधिनायकवाद को उजागर करना था। उन्होंने कहा कि यह 4 हजार किलोमीटर की पदयात्रा थी, जिसे गांधी और 200 से अधिक भारत यात्रियों ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल पूरा किया। यह यात्रा 145 दिनों से अधिक चली, जिसमें 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया गया था। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा हमारे देश की राजनीति में एक परिवर्तनकारी साबित हुयी। इसकी गूंज और असर आज भी हो रहा है।