महाराष्ट्र में तहसील और जिलों के नाम बदलने की प्रक्रिया जारी है। अब सांगली जिले की तलसील इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर रख दिया गया है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा इस्लामपुर के नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद लिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा कि इस्लामपुर का नाम बदलकर अब ‘ईश्वरपुर’ किया गया है। यह एक ऐतिहासिक निर्णय है।
केंद्र सरकार ने स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस नाम परिवर्तन को मंजूरी दी है। यह मांग कई वर्षों से नागरिकों द्वारा उठाई जा रही थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बार-बार विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था। लोगों ने कहा कि ईश्वरपुर नाम इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को बेहतर तरीके से दर्शाता है। इस्लामपुर नाम औपनिवेशिक काल के बाद की प्रशासनिक व्यवस्था में दर्ज हुआ था, जबकि नागरिकों का जुड़ाव प्राचीन नामों और परंपराओं से रहा है। पहले भी कई बार जनप्रतिनिधियों ने इस विषय को विधानसभा से लेकर लोकसभा तक उठाया था।
खासकर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मांग को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से रखा था। महाराष्ट्र में नाम बदलने की राजनीति पहले से चल रही है। यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक कई शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदले गए हैं। सरकारों ने नाम बदलने के पीछे की वजह को जनभावना बताया है। महाराष्ट्र में इससे पहले भी कई शहरों के नाम बदले जा चुके हैं, जिनमें औरंगाबाद, उस्मानाबाद और अहमदनगर जैसे महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं।


