जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ी चूक सामने आई, जब जयपुर से दुबई जा रहा एक चार्टर विमान निर्धारित रनवे की बजाय गलत टैक्सी वे पर पहुंच गया। विमान गलती से बे संख्या 3 की ओर मुड़ गया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन सक्रिय हुआ और फॉलो-मी वाहन मौके पर भेजा गया, जिसके मार्गदर्शन में विमान को सही टैक्सी वे पर लाया गया। निर्धारित रनवे पर पहुंचने के बाद विमान ने सुरक्षित उड़ान भरी। चार्टर विमान के गलत दिशा में पहुंचने की यह घटना बड़ा हादसा बन सकती थी।
यदि उसी समय रनवे और टैक्सी वे पर अन्य विमानों की आवाजाही होती, तो गंभीर टक्कर की संभावना थी। मामले में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (AOCC) की लापरवाही को प्रमुख कारण माना जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।


