जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने का सामना

Tina Chouhan

जयपुर। सोमवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट, जो रोजाना सुबह 6:05 बजे रवाना होती है, अचानक रद्द कर दी गई। यात्रियों को इस बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। एयरलाइन के पास विमान उपलब्ध नहीं होने के कारण उड़ान को रद्द करना पड़ा। दरअसल, रात में पुणे से आने वाली इनकमिंग फ्लाइट जयपुर नहीं पहुंच सकी, जिसकी वजह से सुबह की मुंबई फ्लाइट प्रभावित हुई।

अलसुबह हवाई अड्डे पर पहुंचे यात्री फ्लाइट रद्द होने की जानकारी पाकर परेशान होते रहे और एयरलाइन प्रबंधन से जवाब मांगते रहे। यात्रियों का कहना था कि समय पर सूचना दी जाती तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। फ्लाइट रद्द होने से कई यात्रियों के कार्यक्रम बिगड़ गए।

Share This Article