जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हुआ। सुभाष चौक सर्किल के पास बाल भारती स्कूल के पीछे स्थित चार मंजिला जर्जर हवेली अचानक ढह गई। इस हादसे में सात लोग मलबे में दब गए, जिनमें से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पिता और उनकी छह वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर है और उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार आधी रात करीब 12 बजे हुआ।
मलबे में दबे प्रभात (33) और उनकी बेटी पीहू (6) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभात की पत्नी सुनीता (25) घायल हुई हैं और उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये तीनों शुक्रवार रात से मलबे में दबे थे और शनिवार सुबह करीब सात बजे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बाहर निकाले जा सके। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह हवेली काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी, जो चूने से बनी हुई थी।
बताया गया है कि हवेली में करीब 20 लोग किराए पर रहते थे, जो सभी पश्चिम बंगाल से आकर यहां बसे थे। हादसे की सूचना पर सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चला अभियान सुबह तक जारी रहा। मौके पर एसीपी माणक चौक पीयूष कविया, रामगंज थानाधिकारी सुभाष कुमार और सुभाष चौक थानाधिकारी लिखमाराम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।