जयपुर में एक ही नगर निगम बनेगा, वार्डों की संख्या 150 होगी

Tina Chouhan

जयपुर में अब दो निगमों की जगह एक ही निगम बनने जा रहा है। आगामी निगम चुनाव में शहरी इलाके का हेरिटेज (100 वार्ड) और बाहरी इलाके का ग्रेटर नगर निगम (150 वार्ड) समाप्त हो जाएंगे। केवल एक ही जयपुर नगर निगम बनेगा। इसके लिए वार्डों का परिसीमन कर दिया गया है। जहां पहले दोनों निगमों के मिलाकर कुल 250 वार्ड थे। अब फिर से एक हुए निगम में 150 वार्ड ही होंगे। इन वार्डों की सीमाएं तय कर दी गई है।

सरकार ने इस साल की शुरुआत में दोनों निगमों को समाप्त कर एक निगम बनाने की अधिसूचना जारी कर दी थी। अब परिसीमन का काम पूरा हो चुका है। इसकी अधिसूचना जारी हो गई है। पांच माह पहले जब वार्डों की ड्राफ्ट प्लानिंग की गई थी। इसके बाद परिसीमन का काम शुरू हुआ था। जानकारी के अनुसार जयपुर नगर निगम में वार्ड 135 (जोरावर सिंह गेट से आमेर रोड पर उत्तर की ओर पूर्वी भाग, आबादी करीब 32,272) सबसे बड़ा और वार्ड 31 सबसे छोटा (खातीपुरा रोड से सिरसी रोड तक, आबादी करीब 13499) वार्ड होगा।

दोनों निगमों का कार्यकाल नवम्बर-दिसम्बर में पूरा हो जाएगा। इसके बाद चुनाव प्रस्तावित हैं। वार्डों में आरक्षण श्रेणी का प्रावधान होगा। वार्डों के निर्धारण की अधिसूचना जारी होने के बाद अब निर्वाचन विभाग को इसकी फैक्ट फाइल भेजी जाएगी। यहां वार्डों में आरक्षण श्रेणी का प्रावधान होगा। जहां आरक्षित जातियों की संख्या ज्यादा होगी, उन वार्डों को आरक्षित किए जाने की योजना है। इसके बाद स्वायत्त शासन विभाग और निर्वाचन विभाग वार्डों की लॉटरी के माध्यम से ओबीसी और महिला वार्डों का निर्धारण करेंगे।

Share This Article